'भारतीयों पर हमले रोकने के उपाय कर रहा आस्ट्रेलिया'
प्रधानमंत्री के विशेष विमान से, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि उन्हें आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड ने आश्वस्त किया है कि वहां भारतीय छात्रों पर हमला रोकने के लिए समुचित कदम उठाए जा रहे हैं।
तीन एशियाई देशों की यात्रा की समाप्ति पर वियतनाम से लौटते समय सिंह ने विमान में संवाददाताओं से कहा कि हनोई में भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के बाद गिलार्ड ने आस्ट्रेलियाई समाज के लोगों की बदल रही भावनाओं से उन्हें अवगत कराया। गिलार्ड के अनुसार वहां के लोग पूछ रहे हैं कि यह क्या हो रहा है (भारतीय छात्रों पर हमला)?
उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि अपनी आव्रजन प्रणाली में संशोधन सहित वह इस मुद्दे पर क्या-क्या कदम उठा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर सिलसिलेवार हमलों के कारण भारत के लोगों में काफी गुस्सा है। मेलबर्न और सिडनी में भारतीय छात्रों पर हमले होते रहे हैं। इस वर्ष जनवरी में एक छात्र नितिन गर्ग पर चाकू से किया गया हमला जानलेवा साबित हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications