कांग्रेस की बैठक में पारित हो सकता है संयुक्त बयान
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) दो नवम्बर की प्रस्तावित अपनी बैठक में राजनीतिक, आर्थिक और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर एक संयुक्त बयान को स्वीकृति दे सकती है। पार्टी के एक नेता ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कांग्रेस नेता ने आईएएनएस को बताया, "तालकटोरा स्टेडियम में होने वाली बैठक आधा दिन चल सकती है। बैठक का मुख्य एजेंडा कांग्रेस कार्य समिति (सीडबल्यूसी) का चुनाव है।"
उन्होंने बताया कि एआईसीसी के सदस्य पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सीडबल्यूसी के पुनर्गठन के लिए अधिकृत कर सकते हैं।
सूत्रों ने बताया कि बयान का मसौदा तैयार करने वाली समिति बयान को अंतिम रूप दे रही है। उन्होंने बताया कि चूंकि एआईसीसी की बैठक के बाद दिसम्बर में पार्टी की सामान्य बैठक होगी, लिहाजा दो नवम्बर की बैठक में अलग से राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव नहीं होंगे।
पार्टी 20 दिसम्बर को होने वाली समान्य बैठक के लिए अभी स्थान का चयन नहीं कर पाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications