चव्हाण को तत्काल बर्खास्त किया जाए : भाजपा
भाजपा ने चव्हाण की बर्खास्तगी की मांग ऐसे समय में की है, जब मुख्यमंत्री ने अपने इस्तीफे की पेशकश की है और इस पर अंतिम निर्णय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर छोड़ दिया है।
लेकिन भाजपा, चव्हाण के इस्तीफे की इस पेशकश से संतुष्ट नजर नहीं आती।
ज्ञात हो कि चव्हाण की सास और उनके अन्य दो रिश्तेदारों के नाम आदर्श हाउसिंग सोसायटी में फ्लैट आवंटित हैं। यह सोसायटी 1999 के कारगिल युद्ध में मारे गए सैनिकों के परिजनों के लिए थी।
भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने यहां संवाददाताओं को बताया, "भावनात्मक रूप से जिम्मेदारी लेने की बात नहीं स्वीकारी जा सकती। हरगिज नहीं। भाजपा मांग करती है कि मुख्यमंत्री तत्काल इस्तीफा दें, या उन्हें तत्काल बर्खास्त कर दिया जाए।"
सीतारमन ने दूसरी मांग सामने रखते हुए कहा कि सरकार सर्वोच्च न्यायालय के किसी न्यायाधीश के नेतृत्व में इस मामले की जांच का आदेश दे। उन्होंने कहा, "जांच एक निर्धारित समय में पूरी हो जाए, ताकि हमें पता चल सके कि गड़बड़ी कहां हुई। यह सब एक निर्धारित समय सीमा के भीतर हो जानी चाहिए।"
सीतारमन ने कहा कि केंद्र सरकार को रक्षाकर्मियों के लिए आरक्षित सम्पत्ति एवं भूखण्ड की हिफाजत के लिए उपाय करने चाहिए। उन्होंने कहा, "हम सशस्त्र बलों के लिए निर्धारित की गई सम्पत्ति का इस तरह से दुरुपयोग नहीं देख सकते।"
इसके पहले, चव्हाण ने 10, जनपथ स्थित सोनिया गांधी के आवास पर उनसे मुलाकात की और अपने इस्तीफे की पेशकश की। चव्हाण ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने गांधी से कहा, "मैं यहां हूं, मेरा इस्तीफा भी साथ है। मैं अंतिम निर्णय के लिए इसे आपके पास छोड़ कर जा रहा हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications