आरटीआई के 'लोगो' और वेबसाइट का शुभारंभ
नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के 'लोगो' और वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस लोगो को सभी सरकारी अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा इसका इस्तेमाल आरटीआई से सम्बद्ध संचार के विभिन्न माध्यमों में किया जाएगा।
चव्हाण ने कहा कि पिछले पांच साल के दौरान सूचना के अधिकार युग ने पारदर्शिता, जिम्मेदारी और देश के लोकतांत्रिक ढांचे की मजबूती में अग्रणी भूमिका निभाई है।
इस मौके पर शुरू की गई सूचना का अधिकार वेबसाइट एक ऐसा पोर्टल है, जहां लोगों को सारी सूचनाएं एक साथ मिल जाएंगी। इस वेबसाइट पर डिजिटल लाइब्रेरी, परिचर्चा फोरम, इलेक्ट्रनिक समाचार पत्र और ब्लॉग की सुविधा मौजूद है। इसके अलावा उच्च न्यायालय में सुनाए गए फैसले, सूचना आयोग की रिपोर्ट और आलेख के अलावा ऑनलाइन प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी उपलब्ध है।
इस मौके पर सूचना आयोग के प्रमुख ए़ एऩ तिवारी, और कार्मिक तथा प्रशिक्षण विभाग के सचिव शांतनु कंसुल भी मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications