20 सूत्री कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिए जायसवाल ने राज्यों की सराहना की
देश के सामाजिक-आर्थिक विकास के उद्देश्य से बीस सूत्रीय कार्यक्रम-2006 की समीक्षा बैठक के शुभारंभ के अवसर पर जायसवाल ने कहा कि 19 मानदंडों में से कुछ को छोड़कर मासिक आधार पर निगरानी में ज्यादातर का कार्य निष्पादन बहुत अच्छा रहा है।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए बीस सूत्रीय कार्यक्रम के कार्यान्वयन पर ध्यान केन्द्रित करना चाहिए। बीस सूत्री कार्यक्रम के तहत गरीबी उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा, सबके लिए आवास, महिला कल्याण तथा सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
ज्ञात हो कि इस कार्यक्रम के कुछ मानदण्ड सहायता प्राप्त अनुसूचित जातियों के परिवारों की संख्या, जल आपूर्ति सुलभ कराई गई बस्तियों की संख्या और इन्दिरा आवास योजना के तहत बनाए गए आवास शामिल हैं।
इन योजनाओं को लागू करने में राज्यों को सभी सहायता उपलब्ध कराने के लिए नोडल केन्द्रीय एजेंसी का आह्वान करते हुए जायसवाल ने योजना के लक्ष्य हासिल करने में कड़ी मेहनत के लिए हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड की सराहना की।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications