मिट्टी का टीला धंसने से 5 मरे
वाराणसी , 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में गुरुवार को मिट्टी का टीला धंसने से तीन बच्चों सहित कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा सारनाथ थाना क्षेत्र के सराय मोहना गांव में हुआ, जहां महिलाओं और बच्चों का एक समूह मिट्टी के टीले की खुदाई कर रहा था। उसी दौरान टीला ढह गया और सभी लोग उसमें दब गए।
जिले के पुलिस उपाधीक्षक संसार सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि हादसे में एक बच्चा, दो किशोरियों और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। राहत और बचाव दल द्वारा मिट्टी के टीले में दबे सभी 6 घायलों को जिंदा बचा लिया गया है। घायलों में 5 की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक एक ग्रामीण द्वारा मिट्टी के टीले की खुदाई की जा रही थी। खुदाई का मकसद जमीन के निचले भाग से निकलने वाली रेहू (सफेद मिट्टी) से दीवाली के मौके पर घर की पुताई करना था। हादसे का शिकार हुए बच्चों की उम्र 10 से 15 वर्ष के बीच है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications