बालासोर में खुलेगा प्लास्टिक प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी केंद्र
नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय रसायन और उर्वरक राज्यमंत्री श्रीकांत कुमार जेना ने बुधवार को बताया कि केंद्र सरकार ने उड़ीसा के बालासोर में अत्याधुनिक प्लास्टिक प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी केंद्र (एपीपीटीसी) लगाने की अनुमति दे दी है।
जेना ने बताया कि प्लास्टिक की पूरी दुनिया में जबर्दस्त मांग है। बड़े पैमाने पर एक उत्पादन सुविधाओं से लैस प्लास्टिक प्रसंस्करण संयंत्र लगाकर प्लास्टिक उद्योग की जरूरतों को पूरा किया जा सकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए बालासोर एपीपीटीसी की स्थापना का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि उड़ीसा में प्लास्टिक उद्योग से जुड़े अधिकांश उद्योग बालासोर के आसपास स्थित हैं। ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना की समाप्ति के समय तक कुछ और प्लास्टिक प्रसंस्करण उद्योग यहां स्थापित हो जाएंगे। बालासोर के आसपास प्लास्टिक पार्क और प्रस्तावित प्लास्टिक प्रसंस्करण उद्योग केंद्र के शुरू हो जाने से न सिर्फ प्लास्टिक उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यहां मौजूद प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारियों को बेहतर नौकरी मिल सकेगी।
जेना ने बताया कि स्थापना के पहले साल इस केंद्र में तकरीबन 250 छात्रों को प्लास्टिक प्रसंस्करण के क्षेत्र में दीर्घ-कालिक एवं अल्प-अवधि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications