विधायक के बेटे ने की गोलीबारी, 1 मरा
बरेली की नवाबगंज विधानसभा सीट से विधायक भगवत सरन गंगवार के बेटे अतुल गंगवार ने कथित तौर पर बुधवार रात शहर के सिविल लाइन इलाके में स्थित हीरो होंडा के शोरूम में जाकर गोलीबारी शुरू कर दी। यह शो रूम विधायक के पेट्रोल पंप के निकट ही है जिसकी देखरेख विधायक का बेटा अतुल करता था।
बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक प्रकाश डी. ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि अतुल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे की हालत में व्यस्त बाजार में गोलीबारी करने के लिए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि शोरूम में जाकर अतुल ने गोलीबारी क्यों की। इतना स्पष्ट है कि गोलीबारी के समय वह नशे में था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अतुल एक मोटरसाइकिल को ठीक कराने के बारे में जानकारी लेने शो रूम गया था। इस दौरान वहां शोरूम के कर्मचारियों के साथ उसकी बहस हो गई। बहस के बाद अतुल ने नशे की हालत में ही गोलीबारी करनी शुरू कर दी। गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि शो रूम के दो कर्मचारी घायल हो गए। घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications