आर्या की आत्महत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
पटना, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। पटना के पत्रकारनगर थाना क्षेत्र में एमबीए की 21 वर्षीय छात्रा आर्या को आत्महत्या करने के लिए कथित तौर पर विवश करने के मामले में पुलिस ने बुधवार रात एक आरोपी पुष्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पुष्कर को पटना पुलिस के विशेष दल ने लखीसराय जिले के बड़हिया से गिरफ्तार किया है। आर्या की आत्महत्या के बाद से सभी आरोपी फरार बताये जा रहे हैं।
पटना के पुलिस अधीक्षक (नगर) मनु महराज ने गुरुवार को बताया कि पुष्कर से पुलिस पूछताछ कर रही है। इधर, पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुष्कर ने पुलिस के सामने कई बातों का खुलासा किया है। जांच में जुटे पुलिस अधिकारी अभी पुष्कर से पूछताछ के विषय में कोई जानकारी देने से बच रहे हैं।
पुलिस के अनुसार अन्य आरोपी हर्ष रंजन और प्रवीण की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि चित्रगुप्तनगर मुहल्ला निवासी आर्या ने सुसाइड नोट में अपने कथित प्रेमी हर्ष के अलावा, पुष्कर और कई अन्य पर दुष्कर्म, ब्लैकमेल तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications