'आर्या के हत्यारों को कड़ी सजा मिले'
पटना, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। कथित प्रेमी के प्यार में धोखा खाकर आत्महत्या तक मजबूर हो जाने वाली आर्या के पिता अरविन्द कुमार कहते हैं कि किस पिता को यह अच्छा लगेगा कि वह बेटी की डोली नहीं अर्थी उठाये।
पटना के कुम्हरार क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत अरविन्द ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "यह कष्ट किसी भी बेटी के पिता के सामने नहीं आये.. लगता है तकदीर में जो लिखा है, वही होगा। "
अपनी इकलौती बेटी के हाथ पीले करने के सपने संजोये तकदीर ने अरविन्द के साथ ऐसा मजाक किया कि आज वे अपने पटना जिले के ही नेतौल स्थित पैतृक गांव जाने को विवश हो गये। वह कहते हैं कि बेटी की काम क्रिया तो पैतृक स्थान से ही करेंगे।
उन्होंने कहा कि बस वे अपनी बेटी की अंतिम इच्छा पूरी करना चाहते हैं कि उन दरिन्दों को कड़ी से कड़ी सजा मिल जाये ताकि भविष्य में ऐसा किसी लड़की को नहीं करना पड़े। वे कहते हैं कि अभी तक पुलिस की जांच से वे पूरी तरह संतुष्ट हैं।
इधर, सूत्रों का कहना है कि जैसे ही आर्या के माता-पिता घर से निकलते थे और आर्या का कथित प्रेमी हर्ष अपने दोस्तों के साथ उसके घर आ जाता था। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बच्चू सिंह मीणा भी मानते हैं प्रथम दृष्टया उन्हें भी लगता है कि आर्या के साथ गलत किया गया है और उसे परेशान किया जाता रहा है।
उल्लेखनीय है कि 21 वर्षीय एमबीए की छात्रा आर्या के कथित प्रेमी हर्ष और उसके दो दोस्तों ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से इतना परेशान कर दिया था कि आर्या ने सोमवार को अपने ही घर में आत्महत्या कर ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications