अपने जातीय मुद्दे सुलझा सकता है मलेशिया : मनमोहन सिंह
कुआलालम्पुर, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि मलेशिया अपने जातीय मुद्दे हल करने में पूरी तरह सक्षम है।
मलेशिया दौरे पर पहुंचे सिंह ने बुधवार को कहा, "भारत की तरह मलेशिया भी एक बहुसांस्कृतिक और बहुजातीय राष्ट्र है। मुझे इस बात का पूरा भरोसा है कि मलेशियाई व्यवस्था अपने जातीय मुद्दे हल करने में पूरी तरह सक्षम है।"
प्रधानमंत्री ने यह बात मलेशिया में रह रहे तमिल समुदाय के लोगों से जुड़े एक सवाल पर कही। यहां भारतीय मूल के लोगों की संख्या 21 लाख के करीब है जो मलेशियाई जनसंख्या का आठ फीसदी हैं। भारतीय मूल के लोगों में सबसे ज्यादा तमिल और हिंदू हैं।
मनमोहन सिंह से यह सवाल मलेशियाई प्रधानमंत्री नजीब तुन रजाक के साथ उनके साझा संवाददाता सम्मेलन में पूछा गया। सिंह के जवाब देने से पहले ही रजाक ने हस्तक्षेप करते हुए कहा, "यह विशुद्ध रूप से मलेशिया का अपना मसला है।"
प्रधानमंत्री सिंह अपने एशियाई दौरे के दूसरे पड़ाव में मलेशिया पहुंचे हैं। इससे पहले वह जापान गए थे और उनका वियतनाम भी जाने का कार्यक्रम है जहां वह चीन व कई अन्य देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकातें करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications