जम्मू की जेल में बंद अलगाववादियों से मिलेंगे वार्ताकार
अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया कि पडगांवकर और कुमार जम्मू के बाहरी इलाके में स्थित कोट भलवल जेल में बंद अलगाववादी नेताओं से मिलेंगे। इन अलगाववादी नेताओं में शब्बीर शाह, आसिया अंद्राबी और कश्मीर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मियां अब्दुल कय्यूम शामिल हैं।
तीसरे वार्ताकार एम. एम. अंसारी दिल्ली लौट चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि वार्ताकारों के कश्मीरी हिंदुओं के शरणार्थी शिविर में भी जाने का प्रस्ताव है, लेकिन उनके जम्मू पहुंचने के बाद ही कोई स्पष्ट कार्यक्रम तय किया जा सकेगा।
वार्ताकार कारोबारियों और विश्वविद्यालय शिक्षकों के प्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं से भी मिलेंगे।
गौरतलब है कि जम्मू में इस वक्त विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा राज्य के देश में विलय की याद में खुशियां मनाई जा रही हैं और बुधवार को विजय दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
कश्मीर पर नियुक्त वार्ताकारों का जम्मू दौरा उनकी जम्मू एवं कश्मीर की इस यात्रा का दूसरा चरण है। इस दौरे में तीनों वार्ताकारों ने कश्मीर घाटी में समाज के विभिन्न वर्गो के लोगों से मुलाकातें की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications