भारत हुआ ज़्यादा भ्रष्ट: रिपोर्ट

ट्रांसपरेंसी इंटरनेशनल की ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक वैश्विक आर्थिक मंदी के कारण कई अमीर देशों में भ्रष्ट्राचार में वृद्धि हुई है.
वहीं भारत इस सूची में तीन पायदान नीचे गिर कर 87वें नंबर पर आ गया है. 178 देशों वाली इस सूची में पाकिस्तान खिस्क कर 143वें स्थान पर आ गया है.
जबकि बांग्लादेश पाँच पायदान की छलांग लगाकर 134वें नंबर पर है. भूटान काफ़ी आगे 36वें नंबर पर हैं.डेनमार्क, न्यूज़ीलैंड और सिंगापुर इस फ़ेहरिस्त में अव्वल हैं.
बर्लिन की संस्था ने बड़े पैमाने पर मत सर्वेक्षण के बाद सूची जारी की है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ देशों में भ्रष्ट्राचार कम हुआ है लेकिन सब जगह ऐसे हालात नहीं हैं.
कहीं सुधार, कहीं गिरावट
अगर अफ़्रीकी देशों की बात करें तो रवांडा,बोस्तवाना और घाना की स्थिति सुधरी है. लातिन अमरीकी देशों में चीली (21) और उरुग्वे (24) ने अच्छा प्रदर्शन किया है.
लेकिन सबसे भ्रष्ट समझे जाने वाले देशों- अफ़ग़ानिस्तान, बर्मा और सोमालिया की छवि में कोई सुधार नहीं हुआ है. ये देश सूची में सबसे नीचे हैं.
मध्य पूर्व में इराक़ सबसे नीचे है.ट्रांसपरेंसी इंटरनेशनल के मुताबिक यूरोप के कई देश पिछले एक साल में ज़्यादा भ्रष्ट हुए हैं ख़ासकर चेक गणराज्य और हंगरी.
रूस गिरकर 154वें नंबर पर आ गया है तो इटली गिरकर 67 पर पहुँच गया है.


Click it and Unblock the Notifications