घुसपैठ की फिराक में हैं 450 आतंकी : सेना
जम्मू, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। थलसेना के एक अधिकारी ने सोमवार को खुलासा किया कि 450 आतंकी जम्मू एवं कश्मीर स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) को पार करने की फिराक में हैं।
अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना भारत के साथ हुए युद्धविराम समझौते को तोड़ते हुए गोलीबारी का सहारा लेकर आतंकियों की घुसपैठ को प्रोत्साहन दे रही है।
थलसेना की 16वीं वाहिनी के ब्रिगेडियर जनरल स्टाफ सतीश दुआ ने संवाददाताओं से कहा कि खुफिया सूत्रों ने जानकारी दी है कि लगभग 450 आतंकी भारत में घुसपैठ की फिराक में हैं।
उन्होंने कहा, "हमारे जवान निगरानी कर रहे हैं। हमने नियंत्रण रेखा के पास त्रिस्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए हैं। हम आतंकियों के घुसपैठ के मंसूबे को नाकाम कर देंगे।"
पाकिस्तानी सेना द्वारा युद्धविराम समझौते का फिर से उल्लंघन करने को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए ब्रिगेडियर दुआ ने कहा कि युद्धविराम समझौता घुसपैठ को बढ़ावा देने के इरादे से तोड़ा गया है।
ज्ञात हो कि जम्मू एवं कश्मीर स्थित 744 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा भारत और पाकिस्तान को विभाजित करती है।
ब्रिगेडियर दुआ ने कहा कि युद्धविराम समझौते का उल्लंघन के पीछे पाकिस्तान का मकसद है नियंत्रण रेखा के पार से गोलीबारी कर नजदीकी इलाके या किसी और जगह से आतंकियों को घुसपैठ कराना।
उल्लेखनीय है कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम समझौता 26 नवम्बर, 2003 को हुआ था।
ब्रिगेडियर दुआ ने बताया कि युद्धविराम समझौते का उल्लंघन सबसे ज्यादा पुंछ जिले के मेंढर इलाके स्थित कृष्णाघाटी सेक्टर में हुआ है। उल्लंघन की ताजा घटना रविवार की शाम हुई, जिसमें भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया।
इंडो-एशियन नयूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications