भारतीय राजदूत के काफिले पर हमले की जांच के आदेश
काठमांडू, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेपाल में पिछले दिनों भारतीय राजदूत राकेश सूद के काफिले पर माओवादियों द्वारा किए गए पत्थराव के मामले में यहां के गृह मंत्रालय ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
नेपाल के गृह मंत्रालय ने कहा है कि पर्वतीय क्षेत्र सोलूखुंबू के मुख्य जिला अधिकारी यादव सुबेदी इस मामले की जांच करेंगे। यादव के क्षेत्र में ही भारतीय राजदूत के काफिले पर माओवादी प्रदर्शनकारियों ने पत्थराव किया था। इस मामले की जांच करने के बाद यादव अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपेंगे।
भारतीय विदेश मंत्रालय द्वारा इस मामले में विरोध दर्ज कराए जाने के बाद नेपाल सरकार ने यह कदम उठाया है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में नेपाल के राजदूत रुकमा शमशेर राणा को बुलाकर घटना को लेकर अपकी नाराजगी के बारे में अवगत कराया था।
नेपाल के गृह मंत्रालय ने विदेशी राजनयिकों की सुरक्षा बढ़ाने का भी निर्देश दिया है। भारतीय राजदूत पर हुए हमले के बाद कई विदेशी राजदूतों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।
ऐसी आशंका जताई जा रही है कि छह अक्टूबर को भारतीय राजदूत पर हुए हमले के बाद भारत और नेपाल के संबंध प्रभावित हो सकते हैं।
भारतीय राजदूत के काफिले पर उस समय हमला किया गया था जब वह स्कूली छात्रों के लिए एक आंख शिविर का उदघाटन करने पहुंचे थे। उनके काफिले पर माओवादी प्रदर्शनकारियों ने पत्थराव किया था और जूते भी फेंके थे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पूर्व मंत्री गोपाल किरांती कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications