जापान से मलेशिया के लिए रवाना हुए प्रधानमंत्री
टोक्यो, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जापान की तीन दिनों की आधिकारिक यात्रा पूरी करने के बाद मंगलवार को मलेशिया के लिए रवाना हो गए।
सिंह मलेशिया में भी तीन दिनों तक रहेंगे। उनके दौरे का आखिरी पड़ाव वियतनाम की राजधानी हनोई होगा। हनोई में वह दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के कई नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकातें करेंगे।
इससे पहले सोमवार शाम भारत और जापान में व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर अंतिम सहमति बन गई। मनमोहन सिंह और जापानी प्रधानमंत्री नाओतो कान के संयुक्त घोषणा पत्र में कहा गया है कि सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाने के साथ ही मंत्री स्तर पर सीईपीए पर जल्द से जल्द हस्ताक्षर हो जाएगा।
सीईपीए के अलावा दोनों देशों के बीच परमाणु ऊर्जा सहयोग समझौते को लेकर अभी कोई आखिरी सहमति नहीं बन पाई। यद्यपि कान और सिंह ने अगले दशक में भारत-जापान सामरिक और वैश्विक सहयोग से जुड़े एक घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए जिसे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को लेकर एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
कान और सिंह की ओर से जारी संयुक्त घोषणा पत्र में कहा गया, "भारत और जापान ने, जैसा कि उसके नाम से ही जाहिर है, वस्तुओं, निवेश, सेवा व्यापार से लेकर बौद्धिक संपदा, प्रतिस्पर्धा, व्यापार का वातावरण सुधारने, द्विपक्षीय सहयोग जैसे क्षेत्रों को शामिल कर भारत-जापान सीईपीए को सचमुच व्यापक बनाने में सफलता हासिल कर ली है।"
सीईपीए पर अंतिम सहमति का स्वागत करते हुए मनमोहन सिंह ने एक बयान में इसे ऐतिहासिक कामयाबी करार दिया। उन्होंने कहा, "सीईपीए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो एशिया के दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की आर्थिक एकजुटता का संकेत करती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications