संघ पर प्रतिबंध की बात राजनीति से प्रेरित : टंडन
टंडन ने लखनऊ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आरएसएस हमेशा से राष्ट्रवादी संगठन रहा है। इसने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता केवल वोट बैंक की खातिर ऐसे बयान देते हैं। राजनीति में इस तरह का खिलवाड़ करना देश के लिए घातक है।
उन्होंने कहा कि आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने का मुद्दा पहले भी कई बार उठाया जा चुका है। रीता बहुगुणा के पिता हेमवती नंदन बहुगुणा सहित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और जवाहरलाल नेहरू ने भी अपने कार्यकाल में संघ पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास किया था।
टंडन ने कहा कि कांग्रेस के नेता संघ की छवि को धूमिल करने की कोशशि कर रहे हैं, लेकिन वे अपने मंसूबे में सफल नहीं होंगे, क्योंकि आरएसएस देशहित की बात करने वाला राष्ट्रभक्तों का संगठन है।
उल्लेखनीय है कि अजमेर बम धमाके में आरएसएस के पदाधिकारी इंद्रेश कुमार का नाम आने के बाद रविवार को रीता बहुगुणा ने कहा था कि सरकार को इसकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications