जेठमलानी के बयान से भाजपा ने खुद को किया अलग (लीड-1)
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, "जेठमलानी का यह व्यक्तिगत विचार हो सकता है। भाजपा उनके विचारों का समर्थन नहीं करती है।"
कश्मीर के लिए नियुक्त वार्ताकारों पर भाजपा से अलग रुख अख्तियार करते हुए मंगलवार को जेठमलानी ने कहा, "कश्मीर मसले के हल के लिए पाकिस्तान को बातचीत में शामिल करने की वार्ताकारों की सलाह को अंतर्राष्ट्रीय रंग देने की बात करना बचकानी और बेतुकी है।
भाजपा ने वार्ताकार दल के प्रमुख दिलीप पडगांवकर के उस बयान की आलोचना की है, जिसमें उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए बातचीत में पाकिस्तान का शामिल होना जरूरी है।
जावड़ेकर ने कहा कि पडगांवकर प्रसिद्ध पत्रकार हैं, उन्हें समझदारी दिखानी चाहिए। उन्होंने वार्ताकारों द्वारा जेल में बंद आतंकवादियों से मिलने पर भी आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा, "वार्ताकार किसी भी भारतीय से बातचीत कर सकते हैं, लेकिन वे पाकिस्तान की ओर से भेजे गए आतंकवादियों से वार्ता नहीं कर सकते।"
इसके पहले जेठमलानी ने वार्ताकारों द्वारा कश्मीर समस्या का 'शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान' ढूढ़ने के लक्ष्य की प्रशंसा की थी। जेठमलानी ने कहा कि उन्होंने उनकी सफलता के लिए प्रार्थना की है।
वार्ताकारों में शामिल शिक्षाविद राधा कुमार और सूचना आयुक्त एम.एम. अंसारी जम्मू एवं कश्मीर में सभी वर्गो के साथ बातचीत कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications