बिहार चुनाव : शरद यादव के बयान पर गरमाई राजनीति
कांग्रेस के बिहार इकाई के प्रवक्ता प्रेमचंद्र मिश्रा ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पर शरद यादव के बयान की भर्त्सना करते हुए कहा कि यह जद (यु) की हताशा का प्रतीक है। यादव यदि अपना बयान वापस नहीं लेते हैं तो कांग्रेस इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेगी।
भाजपा के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस को ऐसे बयानों पर राजनीति नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि शरद यादव ने इस मामले पर सफाई दे दी है। उन्होंने राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की थी, उनकी टिप्पणी कांग्रेस के परिवारवाद पर थी।
उधर, लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा कि नेताओं को ऐसी व्यक्तिगत टिप्पणी से बचना चाहिए।
जद (यु) से राजद में गए पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह ने भी यादव का बचाव करते हुए कहा कि यह किसी पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं थी, यह एक राजनीतिक बयान था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग हिंदी नहीं समझ पाते इस कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को फतुहा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यादव ने कहा था कि कांग्रेस के राहुल गांधी राजनीति में 'बबुआ' हैं। उन्होंने कहा था कि जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के बाद एक 'बबुआ' आया है। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान पर सफाई भी दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications