वन्यजीव कानूनों के उल्लंघन में फंसे ब्रांड, पेरी
जयपुर, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। रणथम्भौर की एक अदालत में मंगलवार को ब्रिटिश हास्य अभिनेता रसेल ब्रांड और गायिका कैटी पेरी व चार अन्य के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई गई है। ब्रांड, पेरी व उनके साथियों पर विवाह समारोह के दौरान वन्यजीव कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। दोनों यहां भारतीय रीति-रिवाज से विवाह करने के लिए पहुंचे थे।
शिकायत दर्ज कराने वाले वकील अक्षय शर्मा के मुताबिक विवाह समारोह के बाद 24 अक्टूबर को पेरी, ब्रांड और उनके चार साथी एक सफारी में रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान पहुंचे थे। उन्होंने वहां धूम्रपान किया, मद्यपान किया और वे अपने साथ हथियार भी ले गए थे।
शर्मा का आरोप है कि उन लोगों ने उद्यान के वन्यजीवों को परेशान किया था।
उन्होंने कहा, "पेरी, ब्रांड, उनके मेहमानों व होटल प्रशासन द्वारा वन्यजीव कानूनों के उल्लंघन के बावजूद जिला प्रशासन और वन विभाग ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।"
शिकायत में कहा गया है कि उन लोगों ने उद्यान से लगे रिसॉर्ट में 23 व 24 अक्टूबर को तेज आवाज में संगीत बजाया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि विवाह समारोह के दौरान भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) कानून के विविध प्रावधानों का उल्लंघन किया गया।
पेरी और ब्रांड ने 23 अक्टूबर को रणथम्भौर के नजदीक स्थित रिसॉर्ट अमन-ए-खास में विवाह किया था। सोमवार को वे हनीमून के लिए माले निकल गए।
सवाई माधौपुर जिले की अदालत के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी 30 अक्टूबर को मामले की सुनवाई करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications