केंद्र के वार्ताकार अलगाववादियों की भाषा न बोलें : अनंत कुमार
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने आज दिल्ली में जम्मू एवं कश्मीर के भारत में विलय की वर्षगांठ को 'संकल्प दिवस' के रूप में मनाया। इसके तहत कांस्टीट्यूशन क्लब परिसर में एक जनसभा का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
जम्मू एवं कश्मीर की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए भाजयुमो ने 'इंडिया फर्स्ट कैम्पेन' (देश पहले अभियान) के अंतर्गत आज 26 अक्टूबर को देश भर में जिला स्तर पर 'संकल्प दिवस' का आयोजन किया गया।
संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनंत कुमार ने कहा कि वार्ताकार अलगाववादियों की भाषा बोल रहे हैं। अनंत कुमार ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से यह पूछा कि इन वार्ताकारों की बातचीत का एजेंडा किसने तैयार किया है, यह सारे देश को बताना चाहिए।
संकल्प सभा को संबोधित करते हुए भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह अलगाववादियों के साथ नरमी से पेश आ रही है जिसके कारण उनके हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे देश की राजधानी दिल्ली में आकर देश के विखंडन की मांग कर रहे हैं।
ठाकुर ने मांग की है कि सैयद अली शाह गिलानी व अरुं धति राय को गिरफ्तार करें। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की ऐतिहासिक भूलों की कीमत देश आज तक चुका रहा है और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को आज तक जम्मू एवं कश्मीर जाने का समय नहीं मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications