कश्मीर को लेकर वार्ताकारों के बचाव में उतरे जेठमलानी
कश्मीर के लिए केंद्र सरकार ने पिछले दिनों मशहूर पत्रकार दिलीप पडगांवकर, शिक्षाविद् राधा कुमार और सूचना आयुक्त एम.एम. अंसारी को वार्ताकार नियुक्त किया था। ये तीनों इन दिनों कश्मीर में हैं।
मुख्य वार्ताकार पडगांवकर के हवाले से रविवार को कई अखबारों में एक बयान छपा था, जिसमें कहा गया था, "हम यहां कश्मीर मसले का एक स्थायी समाधान ढूंढ़ने आए हैं परंतु पाकिस्तान के शामिल हुए बगैर इस मुद्दे का स्थायी हल असंभव है। किसी समाधान के लिए पाकिस्तान को इसमें शामिल होना पड़ेगा।"
भाजपा ने इस बयान को लेकर वार्ताकारों और केन्द्र सरकार पर निशाना साधा था। इस पर मंगलवार को जेठमलानी ने कहा, "कश्मीर मसले को अंतर्राष्ट्रीय रंग देने के लिए वार्ताकारों पर निशाना साधना बचकानी और बेतुकी बात है। कश्मीर के संदर्भ में प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने तत्कालीन पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के साथ बातचीत की थी और आज विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा भी अपने पाकिस्तानी समकक्ष के साथ वही कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "अगर ये वार्ताकार थोड़ा सा भी इस मसले के नतीजे की ओर बढ़ते हैं तो यह देश उनके प्रति कृतज्ञ होगा। हमें अपनी गतिविधियों और शब्दों के जरिए उनकी मुश्किलों को नहीं बढ़ाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications