शिमला के निकट बनेगा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अडडा
मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा पर्यटन क्षेत्र में निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी के लिए आयोजित 'बिजनेस मीट' को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण निजी सार्वजनिक भागीदारी के तहत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य के सिरमौर, किन्नौर तथा मण्डी जिलों के ऊंचाई वाले पर्यटन क्षेत्रों को जोड़ने के लिए 10 नए हैलीपैड स्थापित किए जाएंगे, जिससे राज्य में हैलीपैडों की कुल संख्या बढ़कर 70 हो जाएगी।
धूमल ने बताया कि राज्य में दिसम्बर से हैली-टैक्सी सेवा शुरू कर दी जाएगी। इस सिलसिले में तीन प्रतिष्ठित हैली-टैक्सी ऑपरेटरों का चयन किया गया है तथा उनसे औपचारिक अनुबंध शीघ्र ही कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुरू में राज्य के सभी जिला मुख्यालयों को हैली-टैक्सी सेवा के माध्यम से जोड़ा जायेगा।
धूमल ने बताया कि ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर स्थित पर्यटन तथा धार्मिक स्थलों को पर्यटकों के लिए खोलने के लिए रोपवे स्थापित करने का निर्णय किया गया है। उन्होंने बताया कि मनाली के नजदीक सोलगनाला के रोपवे को दिसम्बर तक चालू कर दिया जाएगा जबकि कुल्लू जिले के बिजली महादेव तथा पलचान में रोपवे स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ दियोट सिद्ध एवं पर्यटन नगरी पालमपुर में रोपवे का काम तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए पर्यटन विभाग सभी अंतर्राष्ट्रीय स्तर के टूरिज्य एक्सपो में भाग लेगा ताकि विदेशी पर्यटकों की आवक को बढ़ाया जा सके और पर्यटन क्षेत्र से राज्य में सकल घरेलू उत्पाद को वर्तमान 8.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत तक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि व्यापक मंदी के दौरान भी राज्य में पर्यटकों की संख्या में 15 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications