ओबामा की राजघाट यात्रा के लिए विशेष प्रबंध नहीं
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा यदि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल, राजघाट की यात्रा करना चाहते हैं तो उनका बहुत स्वागत है लेकिन उनके लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं की जाएगी क्योंकि यदि ऐसा किया जाता है तो यह गांधी के उसूलों के खिलाफ होगा।
राजघाट समाधि समिति के सचिव रजनीश कुमार ने आईएएनएस को बताया, "हम समझते हैं कि ओबामा महात्मा गांधी के विषय में बहुत कुछ जानने के लिए उत्सुक हैं और वह राजघाट की यात्रा कर सकते हैं। हम उनका स्वागत करते हैं।"
उन्होंने कहा, "वैसे समाधि स्थल की पवित्रता के सम्मान में हम किसी के लिए कोई विशेष प्रबंध नहीं करते। इसलिए इस मामले में भी ऐसा कुछ नहीं होगा।"
कुमार ने कहा, "विशेष व्यवस्था किए जाने का मतलब है कि एक व्यक्ति को दूसरे व्यक्ति से ज्यादा महत्व दिया जा रहा है जो गांधी के सिद्धांतों के खिलाफ है लेकिन जब भी अन्य देशों के प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति राजघाट की यात्रा करने आते हैं तो उनके पद का ध्यान रखा जाता है। इस बार भी ऐसा किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications