ऑस्ट्रेलियाई स्टॉक एक्सचेंज को खरीदने की पेशकश

सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज ने घोषणा की है कि उसकी ऑस्ट्रेलियाई स्टॉक एक्सचेंज (एएसएक्स) को खरदीने की योजना है.
एएसएक्स की मालिकाना कंपनी को ख़रीदने के लिए सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज ने 8.3 अरब डॉलर की पेशकश की है.
हालांकि इसके लिए ऑस्ट्रेलिया सरकार और दोनों देशों के नियामक की मंज़ूरी ज़रूरी है. अगर ऐसा होता है तो लिस्टिड कंपनियों की संख्या के हिसाब से हॉंग-कॉंग के बाद ये एशिया-प्रशांत क्षेत्र का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज होगा.
इस समझौते से सिंगापुर एक बड़ा आर्थिक केंद्र बनकर उभरेगा और ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भी फ़ायदा होगा क्योंकि एशियाई बाज़ारों तक उनकी पहुँच बढ़ जाएगी.
ये भी उम्मीद है कि इस गठजोड़ के बाद हॉंग कॉंग से मिलने वाली प्रतिस्पर्धा का और मज़बूती से सामना किया जा सकेगा.
बेहतर अवसर
नई योजना की घोषणा के बाद एएसएक्स के शेयरों में 20 फ़ीसदी का उछाल देखा गया.
इस सब पर सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज के मुख्य कार्यकारी मैग्नस बॉकर का कहना है, “अब निवेश पश्चिम के बजाय पूरब के देशों में हो रहा है. ये एशियाई बाज़ारों के लिए एक गेटवे साबित होगा.”
सिंगापुर की ओर से दी गई पेशकश के मुताबिक ऑस्ट्रेलियाई स्टॉक एक्सचेंज का हर शेयर 48 डॉलर के बराबर है...जो बाज़ार में की़मत से 40 फ़ीसदी ज़्यादा है.
ऑस्ट्रेलियाई कॉम्पिटिशन और उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष ग्रेम सैम्युल का कहना है कि उन्हें इस प्रस्तावित समझौते में कोई दिक्कत नज़र नहीं आ रही.


Click it and Unblock the Notifications