बिहार चमकने का प्रचार झूठा : राहुल
राज्य के पश्चिम चम्पारण जिले के रामनगर में सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि जब तक हिन्दुस्तान में एक भी गरीब रहेगा तब तक न तो बिहार चमक सकता है और न ही हिंदुस्तान। उन्होंने कहा कि यह बात राजग के नेताओं को भी समझ लेना चाहिए। राहुल ने कहा कि पूर्व में भी राजग के चमकते हिन्दुस्तान को यहां के मतदाता नकार चुके हैं।
राहुल ने यह भी कहा कि अगर यहां के लोग चमक ही रहे हैं तो फिर यहां के लेाग रोजगार के लिए बाहर क्यों जा रहे हैं। यहां के लोगों में कमी नहीं है आज यहां के मजदूरों के कारण ही दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब विकास कर रहा है। जो सरकार गरीबों, मजदूरों और किसानों की बात नहीं करती केवल अमीरों को देखकर चमकने की बात करती हैं वैसी सरकार चुनाव हार जाती है।
उन्होंने दावा किया कि जिस राज्य में कांग्रेस की सरकार है वह राज्य विकास कर रहा है। कांग्रेस गरीबों, मजदूरों और गांवों की बात करती है, क्योंकि इन्हीं में शक्ति है।
राहुल सोमवार को बिहार विधानसभा के तीसरे चरण में होने वाले क्षेत्रों में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करने के लिए बिहार के दौरे पर हैं। तीसरे चरण का चुनाव 28 अक्टूबर को होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications