दिल्ली की सड़कों पर नहीं लौटेंगी ब्लूलाइन बसें
परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने संवाददाताओं को बताया, "उपराज्यपाल तेजिंदर खन्ना से मंजूरी मिलने के बाद इस सम्बंध में अधिसूचना जारी की जाएगी। हम दिल्ली के लोगों को ब्लूलाइन बसों की दया पर नहीं छोड़ सकते।"
लवली ने कहा कि 14 दिसम्बर तक दिल्ली की सड़कों से सभी ब्लूलाइन बसें हटा ली जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान एथलीटों और अधिकारियों को लाने ले जाने वाली दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की लो-फ्लोर बसें शहर की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में शामिल हो जाएंगी। इनके साथ अब डीटीसी के पास ऐसी 6,400 बसें हैं।
उन्होंने बताया कि 200-250 रेड बसें (वातानुकूलित) और लाने की योजना है, जो जल्दी ही डीटीसी की बसों में शामिल हो जाएंगी।
दिल्ली सरकार की राष्ट्रमंडल खेलों से पहले सभी ब्लूलाइन बसों को सड़कों से हटा लेने की योजना थी। ब्लूलाइन बस ऑपरेटर सरकार के इस फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय में पहुंच गए थे और अब यह मामला अदालत में लम्बित है।
राजधानी की सड़कों पर कुल 2,800 ब्लूलाइन बसें चलती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications