जापान से परमाणु समझौते के लिए जोर नहीं देगा भारत : प्रधानमंत्री (लीड-2)
टोक्यो, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत परमाणु मसले पर जापान की संवेदनशीलता को समझता है और इसलिए असैन्य परमाणु सहयोग समझौते को लेकर टोक्यो पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया जाएगा।
सिंह के इस ताजा बयान से जापान के साथ प्रस्तावित समझौते को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जापान दौरे पर पहुंचे सिंह ने कहा, "मैं जापान में परमाणु मुद्दे की संवेदनशीलता को समझता हूं इसीलिए हम समझौते को लेकर उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाएंगे।"
प्रधानमंत्री ने यह बात एक स्थानीय कारोबारी संस्था 'निप्पन केडनरेन', 'जापान चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री' एवं 'भारत-जापान व्यापार सहयोग समिति ' की ओर से आयोजित एक भोज में कही। इस समारोह में रिलायंस समूह के प्रमुख मुकेश अम्बानी, भारती इंटरप्राइजेज के सुनील भारती मित्तल, एचडीएफसी के प्रमुख दीपक पारेख और फोर्टिस हेल्थकेयर के मालविंदर सिंह ने भी शिरकत की।
सिंह का यह बयान जापानी प्रधानमंत्री नाओतो कान से उनकी मुलाकात के ठीक पहले आया है। दोनों नेता शाम के समय मुलाकात करेंगे। सिंह रविवार को जापान पहुंचे। वह टोक्यो में तीन दिनों तक रहेंगे इसके बाद मलेशिया की राजधानी कुआलालम्पुर के लिए रवाना होंगे। यात्रा के आखिरी पड़ाव में वह वियतनाम जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि जापान दुनिया का एकमात्र देश है जिसने परमाणु हथियारों की त्रासदी झेली है। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी ने उसके दो शहरों हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराए थे।
भारत और जापान पहले से परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग से जुड़े समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव ने प्रधानमंत्री के इस बयान से पहले कहा, "परमाणु ऊर्जा के मसले पर दोनों देशों में दो दौर की बात हो चुकी है। दोनों इस बातचीत को आगे ले जाने पर सहमत हैं। "
टोक्यो रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में कहा था, "हम जापान के साथ परमाणु ऊर्जा पर समझौते के लिए बातचीत कर रहे हैं। मुझे इसका भरोसा है कि हम इस समझौते का मूर्त रूप दे सकेंगे जो दोनों के हित में होगा।"
सिंह ने कहा, "हमारा परमाणु उद्योग बड़े विस्तार के लिए तैयार है। ऐसे में भारत के विस्तृत होते परमाणु कार्यक्रम में वैश्विक परमाणु उद्योग के भाग लेने का बड़ा अवसर है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications