मलेशिया में 'लिटल इंडिया' का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री
दोनों देशों के बीच 53 साल पुराने सम्बंधों को मजबूत बनाने के लिए मलेशियाई प्रधानमंत्री नजीब तुन रजाक ने जनवरी में भारत की यात्रा की थी। इसके बाद सिंह का यह दौरा होने वाला है।
सिंह के मलेशिया यात्रा के दौरान 'संयुक्त व्यापक व्यापार समझौता' (सीईसीए) पर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे, लेकिन दोनों नेता सेवा क्षेत्र, निवेश, सीमा शुल्क और व्यापार को लेकर एक ऐतिहासिक व्यापार समझौते की घोषणा करेंगे।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा और शीर्ष उद्योगपतियों सहित 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल यहां आ रहा है।
सिंह यहां दोनों देशों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की समिति की शुरुआत करेंगे। रजाक ने अपनी भारत यात्रा के दौरान इसका प्रस्ताव रखा था। दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर बातचीत प्रस्तावित है।
भारतीय उच्चायुक्त विजय गोखले ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा से मलेशिया को प्राथमिकता देने का स्पष्ट संकेत मिलता है।
उन्होंने कहा, "दोनों देशों के नेता बातचीत के जरिए आपसी सम्बंधों को आगे बढ़ाने का रास्ता तलाशेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications