अनंत को नेता मानते हैं बागी भाजपा विधायक : देवेगौड़ा
देवेगौड़ा ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा, "कर्नाटक में इन दिनों भ्रष्टाचार चरम पर है। राज्य की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और अवैध खनन को खूब बढ़ावा दे रही है। इसे नहीं रोका गया तो कर्नाटक को बचाना मुश्किल हो जाएगा। हम इस सरकार को बर्खास्त करने की मांग करते हैं।"
भाजपा के बागी विधायकों के मसले पर उन्होंने कहा, "भाजपा का यह संकट उसके अंदरूनी मतभेदों की वजह से है। सच्चाई यह है कि बागी विधायक आज भी अनंत कुमार को अपना नेता मानते हैं और इसीलिए उन्होंने बागी रुख अपनाया है।"
येदियुरप्पा द्वारा कथित तौर पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन कमल' अभियान को लेकर भी पूर्व प्रधानमंत्री ने भाजपा को जमकर कोसा। उन्होंने कहा, "कर्नाटक में 'ऑपरेशन कमल' के नाम पर विधायकों की खरीद-फरोख्त को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह एक भयंकर रोग है जिसे रोका जाना चाहिए। कुछ इस तरह के हालात उस वक्त गुजरात में भी थे जब मैं देश का प्रधानमंत्री था और उस समय हमने गुजरात की सरकार को बर्खास्त कर दिया था। इसी तरह केंद्र सरकार को चाहिए कि वह कर्नाटक की येदियुरप्पा सरकार को बर्खास्त कर दे।"
देवेगौड़ा ने येदियुरप्पा सरकार पर भ्रष्टाचार और खरीद-फरोख्त को बढ़ावा देने का आरोप मढ़ते हुए यह भी कहा कि अगर इसे नहीं रोका गया तो कर्नाटक की स्थिति भी गुजरात जैसी हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications