मुंबई में जेट-किंगफिशर विमानों में टक्कर, हादसा टला
मुम्बई। मुम्बई हवाई अड्डे पर शनिवार तड़के जेट और किंगफिशर केविमान टकरा गए। अधिकारियों की मुताबिक यह टक्कर मामूली थी और इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि जेट एयरवेज और किंगफिशर एयरलाइंस के विमानों की टक्कर मामूली थी। यह हादसा तड़के 2 बजे के आसपास हुआ।
अधिकारी के मुताबिक यह हादस उस समय हुआ जब मुम्बई के छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड़्डे से मस्कट जाने वाला जेट एयरलाइंस का एक विमान (9 डब्ल्यू 540 ) उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। किंगफिशर विमान में यात्री नहीं थे। किंगफिशर एयरलाइंस के प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "जेट एयरवेज के विमान के पंखे से समीप खड़े किंगफिशर के विमान के बांयी तरफ हल्की टक्कर लगी थी। हम नुकसान का आकलन कर रहे हैं।"
किंगफिशर के ई321 विमान को शुक्रवार रात यहां पार्क किया गया था और उसमें यात्री सवार नहीं थे। हादसे के वक्त विमान के तकनीकी स्टाफ एक इंजन में आई खराबी को दुरुस्त कर रहे थे। दोनों एयरलाइंसों के अधिकारियों ने इस मामले के बारे में नागरिक उड्डयन महानिदेशक (डीजीसीए) को सूचित कर दिया है, जिन्होंने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "इस मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए दोनों एयरलाइंसों के अधिकारियों को बुलाया गया और इस मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि मुम्बई हवाईअड्डे पर पिछले दो दिनों के भीतर विभिन्न एयरलाइंसों के विमानों के बीच इस तरह की यह चौथी दुर्घटना है।












Click it and Unblock the Notifications