अनिल अंबानी समूह भोपाल में खोलेगा विश्वविद्यालय
रिलायंस समूह ने प्रदेश में उच्च शिक्षा के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की है। यह विश्वविद्यालय 100 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ होगा। यह विश्वस्तरीय होने के साथ आधुनिक सुविधाओं से संपन्न होगा। इस विश्वविद्यालय में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी और अन्य संबंधित विषयों पर अध्ययन के अलावा शोधकार्य की भी सुविधा रहेगी। मध्य प्रदेश के आर्थिक विकास से संबंधित कार्यक्रम भी यह विश्वविद्यालय चलाएगा।
इस मौके पर रिलायंस अनिल धीरुभाई अंबानी समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी ने कहा कि मध्य प्रदेश जैसे राज्य को सूचना प्रौद्योगिकी विषय पर उच्च गुणवत्ता व उच्च स्तर की शिक्षा देने के लिए एक अच्छे विश्वविद्यालय की आवश्यकता है क्योंकि यह राज्य अपने बौद्धिक संसाधन के बल पर आर्थिक विकास के क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में तेजी से बढ़ रहा है।
अंबानी ने आगे कहा कि उनके समूह ने गुजरात के गांधी नगर में धीरुभाई अंबानी आईआईसीटी की स्थापना कर जो अनुभव और विशेषज्ञता हासिल की है उससे उन्हें इस दिशा में और आगे बढ़कर प्रस्तावित ज्ञान के क्षेत्र में योगदान देने का आत्मविश्वास बढ़ा है।
प्रस्तावित विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर दोनों ही स्तर के पाठ्यक्रम पढ़ाए जाएंगे। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां सूचना संचार प्रौद्योगिकी तथा संबंधित क्षेत्रों में शोध गतिविधियों पर मुख्य रूप से ध्यान दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।