स्टाम्प घोटाले के आरोप में 2 अधिकारी गिरफ्तार
उज्जैन, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में तीन करोड़ रुपये के स्टाम्प पेपर घोटाले में दो और अधिकारियों की गिरफ्तारी की गई है।
उज्जैन से प्रदेश के तमाम जिला कोषालयों (ट्रेजरी) और उप कोषालयों को स्टाम्प पेपर भेजे जाते हैं। पिछले दिनों जांच में लगभग तीन करोड़ के स्टाम्प पेपर घोटाले का पर्दाफाश हुआ था। इस मामले में मुख्य आरोपी अशोक शर्मा पहले ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर चुका है।
माधव नगर क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि जांच में दस्तावेजी प्रमाण के आधार पर जिला कोषालय अधिकारी अशोक जोशी व उप कोषालय अधिकारी शरद गिरकर को माधव नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस तरह स्टाम्प घोटाले में अब तक तीन गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
गौरतलब है कि उज्जैन में स्टाम्प पेपर का डिपो है जहां से प्रदेश के विभिन्न कोषालयों व उप कोषालयों को स्टाम्प पेपर भेजे जाते हैं। पिछले दिनों बगैर मांग पत्र के ही तीन लाख से अधिक के स्टाम्प पेपर भेजना दर्शाया गया। जांच में पता चला कि यह स्टाम्प पेपर संबंधित स्थानों तक पहुंचे ही नहीं। इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications