मुम्बई के गुनहगारों को सजा देगा पाकिस्तान: अमेरिका
मुम्बई हमले के लिए जिम्मेदार लश्कर-ए-तैयबा और अलकायदा के साथ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसिज इंटेलीजेंस (आईएसआई) की सांठ-गांठ के सवाल पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मार्क टनर ने संवाददाताओं से कहा, "ये सारे आरोप हैं जिन्हें हम पहले भी सुन चुके हैं।"
टनर ने कहा, "हमारा मानना है कि पाकिस्तान मुम्बई हमले के षड्यंत्रकारियों को सजा देने में सहयोग की प्रतिबद्धता जाहिर कर चुका है। ऐसे में हमें पूरा विश्वास है कि पाकिस्तान अपनी बात पर अमल करेगा। पाकिस्तान पहले भी कह चुका है कि वह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर प्रतिबद्ध है। वह मुम्बई हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा देने की आवश्यकता को भी समझता है।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान खुद भी आतंकवादी हिंसा से ग्रस्त है। वह इन दिनों अपने यहां मौजूद आतंकवादी संगठनों के खिलाफ संघर्ष कर रहा है। ऐसे में हमारा मानना है कि पाकिस्तान आतंकवादी खतरे और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग को अच्छी तरह समझता है।"
मुम्बई हमले के बारे में आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली की दो बीवियों की ओर से आगाह किए जाने से जुड़ी जांच में विदेश विभाग के शामिल रहने के प्रश्न पर टनर ने कहा, "मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications