वियतनाम में बारिश में 112 मौते
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक मंगलवार की तेज बारिश में मरने वालों में से ज्यादातर नाघे एन, सा तिन्ह, क्वांग विन्ह और थुआ थिएन हू प्रांतों के थे।
राष्ट्रीय तूफान एवं बाढ़ संचालन समिति के मुताबिक 21 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों के मुताबिक हालांकि मंगलवार को लगभग 100 से 300 मिलीमीटर के बीच बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को लगभग 1.3 मीटर बारिश दर्ज की गई थी और हा तिन्ह और नाघे एल प्रांतों में दो मीटर तक बारिश होने के समाचार हैं।
संचालन समिति के मुताबिक बारिश की वजह से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है और लगभग 200,000 मकान पानी में डूब गए हैं और लोगों ने छतों पर शरण ले रखी है।
सरकार ने इलाके में बचाव कार्य के लिए करीब 20,000 सैनिकों की तैनाती की है।
लाम नदी के पानी में सोमवार को एक बस के बह जाने से उसमें सवार 20 यात्री अभी तक लापता हैं। अभी बस का पता नहीं चल पाया है। सड़कों पर 0.2 मीटर से 1.5 मीटर तक पानी भर जाने से उत्तरी और दक्षिणी वियतनाम में हजारों अन्य वाहन सड़कों पर फंसे हुए हैं।
उधर, नाघे एल और हा तिन्ह प्रांतों में लगभग 20 रेलखंडों में पटरियों के डूब जाने से रेलगाड़ियों की आवाजाही ठप्प हो गई है और विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर हजारों यात्री फंसे हुए हैं।
वियतनाम रेलवे परिवहन विभाग के एक अधिकारी नेग्यून हू तूऐन ने कहा, "हम इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि हम रेल यातायात को दोबरा कब तक शुरू कर पायेंगे, लेकिन पानी कम होने के बाद हम जल्द से जल्द पटरियों की मरम्मत का काम शुरू कर देंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications