चेचेन संसद पर हमले में 3 की मौत (लीड-3)
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार चेचेन नेता रमजान कोदिरोव ने कहा, "सुबह लगभग 8.45 बजे तीन आतंकियों ने संसदीय सुरक्षा रक्षकों पर गोलीबारी की।" उन्होंने कहा कि इस हमले में दो पुलिस अधिकारी और एक संसदीय प्रशासनिक प्रबंधक की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि उसके बाद चलाए गए विशेष अभियान में तीन आतंकी भी मारे गए।
जांचकार्ताओं ने कहा है कि छह पुलिसकर्मियों सहित 17 लोग इस घटना में घायल हो गए हैं।
इसके पहले पुलिस के एक सूत्र ने बताया था कि हमला उस समय शुरू हुआ, "जब आतंकवादियों की कार सांसदों की कार के साथ ही संसद परिसर में घुस गई। परिसर में दाखिल होते ही एक हमलावर ने खुद को उड़ा लिया और दो अन्य बंदूकधारी फायरिंग करते हुए संसद के भीतर घुस गए।"
अधिकारियों का कहना है कि संसद को खाली करा लिया गया है और चेचेन्याई नेता रमजान कोदिरोव के नेतृत्व में सुरक्षा बलों की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। आतंकवादियों से सुरक्षा बलों की मुठभेड़ जारी है।
कोदिरोव ने रूसी प्रधानमंत्री व्लादिमीर पुतिन से इस घटना के संदर्भ में बात की है। हाल के दिनों में चेचेन्या में यह दूसरा बड़ा आतंकवादी हमला है। इससे पहले अगस्त में यहां आत्मघाती बम हमले हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications