राष्ट्रमंडल खेल : कांग्रेस ने कहा, गडकरी के आरोप ध्यान बंटाने का तरीका
कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने खेलों के आयोजन में अनियमितता के आरोपों की जांच के लिए पहले ही आदेश दे दिया है।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने भाजपा कार्यकर्ता सुधांशु मित्तल के यहां आयकर विभाग के छापे का जिक्र करते हुए संवाददाताओं से कहा कि एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान गडकरी के आरोप ध्यान बंटाने के एक तरीके जैसा था और भाजपा अध्यक्ष राष्ट्रमंडल खेलों की जांच की आंच अपने सहयोगियों तक पहुंचने को लेकर चिंतित हैं।
तिवारी ने कहा, "गडकरी परेशानी महसूस कर रहे हैं, क्योंकि कई सारे भाजपा नेता जांच के दायरे में हैं और शायद वह यह भी महसूस कर रहे हैं कि जांच का दायरा कहीं उन्हें भी न समेट ले।"
गडकरी ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रमंडल खेलों के खर्च में बढ़ोतरी को प्रधानमंत्री कार्यालय और कैबिनेट द्वारा मंजूरी दी गई थी।
तिवारी ने कहा, "भाजपा अध्यक्ष का आचरण एक बिगड़े बच्चे जैसा है, जो अपनी ओर ध्यान खींचने के लिए कुछ भी करेगा। इसी कारण हम आमतौर पर उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। लेकिन आज तो उन्होंने गैरजिम्मेदारी की सारी सीमा लांघ दी।"
राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार की जांच एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) द्वारा कराए जाने की भाजपा की मांग के संदर्भ में तिवारी ने कहा कि यह सरकार की मर्जी पर निर्भर करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications