कराची हिंसा में 13 और मारे गए
इस्लामाबाद, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में प्रतिद्वंद्वी जातीय गुटों के बीच रात भर हुए संघर्ष में 13 व्यक्तियों की मौत हो गई। इसके साथ ही पिछले चार दिनों से जारी हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 50 से अधिक हो गई। यह जानकारी बचाव कर्मियों ने मंगलवार को दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सिंध में प्रांतीय असेंबली की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव के पहले शनिवार को बहुसंख्यक उर्दू भाषी समूह तथा अल्पसंख्यक पश्तो भाषी समूह के बीच हिंसा भड़क गई थी।
सोमवार और मंगलवार को अधिकांश हिंसा उस समय हुई, जब हथियारबंद लोगों ने विपक्षी गुटों के सदस्यों को अगवा कर लिया और हत्या के बाद उनके शव फेंक दिए। सादी वर्दी में एक पुलिस कर्मी को भी गोली लग गई थी।
निजी ईधी बचाव सेवा के प्रवक्ता उमर परवेज ने कहा, "सात लोग सोमवार को मारे गए और मंगलवार सुबह से हम छह शवों को अस्पताल पहुंचा चुके हैं। अधिकांश लोगों को गोली लगी हुई थी।"
परवेज ने कहा कि हाल की हिंसक घटनाओं में 50 से अधिक लोग मारे गए हैं। दर्जनों व्यक्ति घायल हो गए हैं।
उर्दू भाषी समूह का प्रतिनिधित्व करनी वाली पार्टी, मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) ने अधिकांश राजनीतिक हिंसा के लिए अवामी नेशनल पार्टी (एएनपी) के समर्थकों पर आरोप लगाया है।
दोनों समूहों के बीच हिंसा का लंबा इतिहास है। अगस्त में एक बंदूकधारी द्वारा एमक्यूएम के विधायक रजा हैदर की हत्या किए जाने के बाद भड़की हिंसा में 100 लोग मारे गए थे। एमक्यूएम ने हैदर की हत्या के लिए एएनपी को जिम्मेदार ठहराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications