राष्ट्रमंडल खेल : व्यस्तता के कारण प्रधानमंत्री से नहीं मिल सके कलमाडी
कलमाडी को उस समारोह में नहीं देखकर मीडिया ने काफी खबरें प्रकाशित और प्रसारित की थीं। इसी को देखते हुए कलमाडी ने सफाई पेश की कि उन्हें बुलावा मिला था लेकिन विदेशी एथलीटों की विदाई में व्यस्त होने के कारण वह उस समारोह में हिस्सा नहीं ले सके थे।
प्रधानमंत्री के अलावा सोनिया ने भी पदक विजेताओं को अपने आवास पर बुलाया था लेकिन कलमाडी वहां भी नहीं दिखे थे। इसे लेकर भी मीडिया ने काफी खबरें प्रकाशित की थीं।
अब कलमाडी ने कहा है कि दोनों स्थानों पर उनकी गैरमौजूदगी को बिना मतलब के तुल दिया गया। इस दौरान यह समझना जरूरी था कि बतौर आयोजन समिति अध्यक्ष उनकी कुछ अन्य जिम्मेदारियां थीं और वह उसी में व्यस्त थे।
कलमाडी ने सीएनएन-आईबीएन समाचार चैनल से बातचीत के दौरान कहा, "दोनों स्थानों पर मेरी गैरमौजूदगी को बेकार में तुल दिया गया। हमारे यहां हजारों एथलीट आए थे और मैं उन्हें विदा करने में जुटा था। भारतीय दल प्रमुख ने फोन के जरिए सूचित किया कि प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर मुझे आमंत्रित किया है लेकिन मैंने उनसे कहा कि मैं काफी व्यस्त हूं, लिहाजा प्रधानमंत्री के यहां नहीं जा सकूंगा।"
कलमाडी का यह बयान उस दिन आया है जब आयकर विभाग ने खेलों की तैयारियों के दौरान अनियमितता बरतने को लेकर मंगलवार को दिल्ली में 25 स्थानों पर छापे मारे।
कलमाडी ने कहा कि यह अच्छा है कि जांच शुरू हो चुकी है और आयोजन समिति जांच एजेंसियों के हर एक सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
कलमाडी ने कहा, "मैंने अपने दम पर कोई फैसला नहीं किया। यह अच्छा है कि इस मामले को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच को लेकर प्रधानमंत्री ने संसद में और जनता से वादा भी किया था। जहां तक आयोजन समिति की बात है तो वह जांच एजेंसियों के सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications