'बॉलीवुड फिल्में यहां सिखाती हैं प्रबंधन'
जयदीप सरिन
चण्डीगढ़, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। छात्रों को हमेशा से ही कक्षाएं छोड़कर फिल्में देखना पसंद रहा है लेकिन यहां के एक प्रबंधन कॉलेज के छात्रों को बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों को देखने के लिए कक्षाएं नहीं छोड़नी पड़तीं बल्कि ये फिल्में उनके पाठ्यक्रम में शामिल होती हैं।
पंजाब के एक प्रमुख निजी प्रबंधन कॉलेज 'आर्यन्स बिजनेस स्कूल' (एबीएस) के प्रबंधन पाठ्यक्रम के छात्रों को प्रबंधन के प्रायोगिक पहलू की जानकारी देने के लिए उन्हें चुनिंदा लोकप्रिय फिल्में दिखाई जाती हैं। यह कॉलेज चण्डीगढ़ से 40 किलोमीटर दूर पटियाला राजमार्ग पर स्थित है।
कॉलेज के बीबीए व एमबीए पाठ्यक्रम के 300 से ज्यादा छात्रों को अब तक यहां '3 इडियट्स', 'चक दे! इंडिया', 'लक्ष्य', 'कारपोरेट', 'गुरु', 'स्वदेश', 'तारे जमीन पर' और 'इकबाल' जैसी फिल्में दिखाई जा चुकी हैं।
एबीएस के अध्यक्ष अंशु कटारिया ने यहां आईएएनएस से कहा, "इन फिल्मों को 'केस स्टडी' के लिए चुना जाता है, जिनके जरिए छात्र प्रबंधन के विभिन्न पक्षों को समझते हैं। इससे उन्हें भविष्य में अच्छे व प्रभावशाली नेतृत्वकर्ता बनने में मदद मिलती है।"
उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्में रणनीति, प्रेरणा, दृढ़ संकल्प, महत्वाकांक्षा, समय का प्रबंधन व तनाव दूर करना, इच्छा शक्ति और व्यक्तिगत लक्ष्य बनाम संगठनात्मक लक्ष्यों को समझने में मदद मिलती है।
एबीएस छात्रों को इन फिल्मों को देखने के बाद उन्हें दिए गए विषयों के तहत 'केस स्टडी' तैयार करनी होती है। बाद में ये छात्र अन्य छात्रों के साथ इन पहलुओं पर चर्चा करते हैं।
कॉलेज की शिक्षिका भारती शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि फिल्मों से छात्र प्रेरित होते हैं। यहां प्रेरणा, नेतृत्वकारी गुणों और व्यापार प्रबंधन के मूल्यों पर भी चर्चा होती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications