पाकिस्तान को सुरक्षा समझौते की पेशकश करेगा अमेरिका : न्यूयार्क टाइम्स
वाशिंगटन, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी सेना के कड़े रुख की वजह से हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए अमेरिकी प्रशासन पाकिस्तान के सामने एक सुरक्षा समझौते की पेशकश करेगा, जिसमें पहले से ज्यादा भरोसेमंद सैन्य सहायता का वादा शामिल होगा।
अमेरिका के एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र 'न्यूयार्क टाइम्स' के मुताबिक यह पेशकश उस समय की जाएगी जब पाकिस्तान के नेता और सैन्य अधिकारी इसी सप्ताह सामरिक बातचीत के तहत वाशिंगटन पहुंचेंगे।
समाचार पत्र के मुताबिक पाकिस्तान का यह प्रतिनिधिमंडल विदेश मंत्री शाह मुहम्मद कुरैशी के नेतृत्व में आएगा, लेकिन इस बातचीत के दौरान सबसे अधिक ध्यान पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल. अशफाक परवेज कियानी पर होगा, जिन्हें अब पाकिस्तान में सबसे शक्तिशाली व्यक्ति माना जा रहा है।
समाचार पत्र लिखता है, "बातचीत के मेज पर सैन्य सहायता से लैस एक सुरक्षा समझौता होगा। संभवत: यह पांच वर्षो का होगा और उसके साथ 7.5 अरब डॉलर की गैर-सैन्य सहायता राशि दी जाएगी जिसकी मंजूरी कांग्रेस ने पिछले साल दी थी।"
प्रशासनिक अधिकारी इस बात पर भी चर्चा करेंगे कि इस राशि को पाकिस्तान में किस तरह खर्च किया जाएगा।
एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से समाचार पत्र ने लिखा है, "यदि पाकिस्तान उत्तरी वजीरिस्तान के कबायली इलाकों में मौजूद आतंकवादियों, जो कि अमेरिका के खिलाफ साजिश रच रहे हैं, के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और अधिक तेज करने का आश्वासन नहीं देगा तो उसकी सहायता करना काफी कठिन होगा।"
पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक अखबार ने लिखा है कि इस बातचीत में पाकिस्तान भी सहयोगात्मक इरादे के साथ आएगा। बाढ़ त्रासदी में अमेरिका द्वारा की गई मदद के प्रति धन्यवाद दिया जाएगा।
इंडोस-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications