आईएसआई ने रची थी मुंबई हमले की साजिश : रिपोर्ट
यह खुलासा ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द गार्जियन' ने किया है। अखबार ने भारतीय अधिकारियों द्वारा हेडली से की गई पूछताछ की रिपोर्ट के हवाले से पूरी साजिश में आईएसआई की संलिप्तता का उल्लेख किया है। यह रिपोर्ट 109 पृष्ठों की है और इसमें आईएसआई द्वारा मुम्बई को दहलाने की साजिश में पूरी मदद देने की बात कही गई है।
इस रिपोर्ट के अनुसार पूछताछ के दौरान शिकागो की जेल में बंद पाकिस्तानी आतंकवादी हेडली ने बताया कि उसने 26 नवम्बर, 2008 की घटना की साजिश के सिलसिले में आईएसआई के अधिकारियों और आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कई शीर्ष आतंकवादियों से मुलाकात की थी। उल्लेखनीय है कि मुम्बई हमले के लिए पाकिस्तानी संगठन लश्कर को ही जिम्मेदार माना जाता है।
हेडली ने यह भी कहा कि पूरे हमले को अंजाम देने तक वह आईएसआई के संपर्क में बना रहा और इसके लिए उसे इस पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी की ओर से पूरी मदद दी गई। मुम्बई हमले में लगभग 166 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications