तिरंगे के अपमान मामले में मुकदमा दर्ज
आरोप है कि कानपुर के मर्चेट चैम्बर हाल में सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के करीबी एवं पार्टी के स्थानीय नेता चौधरी हरिमोहन सिंह के 91वें जन्मदिन के मौके पर सोमवार को तिरंगा बना केक (केक पर तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्रबनी आकृति) काटा गया और इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष शिवपाल सिंह यादव भी मौजूद थे।
स्थानीय समाचार चैनलों द्वारा मामला प्रकाश में लाए जाने के बाद ग्वालटोली थाने में देर रात मुकदमा दर्ज किया गया।
ग्वालटोली थाना-प्रभारी हरिराम वर्मा ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया समाचार चैनलों के फुटेज में केक पर तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्र बनी आकृति प्रतीत हो रही है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देश पर सोमवार देर रात अज्ञात लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम की धारा-2 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications