मप्र में तेंदूपत्ता संग्राहकों को दीपावली से पहले बोनस
वर्ष 2003 में तेंदूपत्ता व्यवसाय की शुद्ध आय जहां 12 करोड़ 24 लाख थी वहीं 2009 में यह बढ़कर 104 करोड़ हो गई है।
राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ के अध्यक्ष विश्वास सारंग ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि यह पहला मौका होगा जब तेंदूपत्ता संग्राहकों को दीपावली के पूर्व बोनस वितरण का कार्य शुरू किया जा रहा है। बोनस वितरण कार्य की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 28 अक्टूबर को करेंगे।
सारंग ने आगे कहा कि पिछले छह वर्षो में तेदूपत्ता व्यवसाय में हुआ इजाफा बताता है कि नई व्यवस्था में कार्य प्रक्रिया को कुछ इस तरह से परिमार्जित किया गया है जिससे तेंदूपत्ता संग्रहण समय पर और गुणवत्तापूर्ण हो। यही कारण है कि शुद्ध आय में इतना इजाफा हुआ है।
उन्होंने बताया कि नई नीति के तहत तेंदूपत्ता व्यवसाय से जुड़े वनवासियों के संग्रहण पारिश्रामिक को 400 रुपये प्रति बोरा से बढ़ाकर 650 रुपये प्रति बोरा किया गया है। इसके अलावा संघ के लाख और कुल्लू गोंद के व्यवसाय को लाभप्रद बनाने के प्रयास जारी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications