अमेरिका में एनएसएफ के निदेशक बने भारतीय मूल के सुरेश
वाशिंगटन, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास से स्नातक की शिक्षा ग्रहण कर चुके भारतीय मूल के सुब्र सुरेश को अमेरिका के राष्ट्रीय विज्ञान फाउंडेशन (एनएसएफ) का निदेशक बनाया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने 'व्हाइट हाउस विज्ञान मेला' के दौरान सोमवार को कहा, "हम इस बात के लिए बहुत आभारी हैं सुरेश को यह नई जिम्मेदारी दी जा रही है।"
उन्होंने कहा, "वह इससे पहले मैसाचुसेट्स प्रौद्योगिकी संस्थान इंजीनियरिंग (एमआईटी) और अमेरिका में इंजीनियरिंग से जुड़े शीर्ष कायक्रमों में शामिल हो चुके हैं और अब उन्हें एनएसएफ की नई जिम्मेदारी दी जा रही है।" ओबामा ने यह भी कहा, "हम आपकी सेवाओं के लिए बहुत आभारी हैं।"
उल्लेखनीय है कि 54 वर्षीय सुरेश की इस पद पर नियुक्ति छह साल के लिए की गई है और 30 सितम्बर को अमेरिकी सीनेट ने इसकी मंजूरी दे दी थी।
इससे पहले सुरेश वर्ष 2000 से 2006 के बीच एमआईटी डिपार्टमेंट ऑफ मेटेरियल्स साइंस एंड इंजीनियरिंग के प्रमुख के तौर पर काम कर चुके हैं। वर्ष 1993 में वह एमआईटी में शामिल हुए थे।
सुरेश ने स्नातक की शिक्षा आईआईटी, मद्रास से ग्रहण की थी जबकि परास्नातक की शिक्षा अयोवा स्टेट विश्वविद्यालय से ली है।
राष्ट्रपति ओबामा ने आठ जून को सुरेश का नाम एनएसएफ प्रमुख के तौर पर चुना था। वह आर्डेन एल. बेमंट जूनियर का स्थान लेंगे, जो वर्ष 2004 से ही एनएसएफ नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने इसी साल मई में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में एनएसएफ की बजट राशि 6.9 अरब डॉलर जिसे वर्ष 2011 में 7.4 अरब डॉलर करने का आग्रह किया गया है। वर्ष 2008 में इसकी बजट राशि में आठ फीसदी की वृद्धि की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications