पाकिस्तानी अदालत में शहजाद के साथियों की सूची पेश
इस्लामाबाद, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूयार्क के मशहूर टाइम्स स्क्वेयर को इसी साल मई में बम हमले से उड़ाने का विफल प्रयास करने वाले पाकिस्तानी मूल के आतंकवादी फैसल शहजाद के दोस्तों की सूची रावलपिंडी की एक अदालत में पेश की गई है।
समाचार पत्र 'न्यूज इंटरनेशनल' के मुताबिक पुलिस ने आतंकवाद विरोधी अदालत (एटीसी) के जज मलिक मुहम्मद अकरम अवान को जानकारी दी है कि सूची में जिन लोगों के नाम हैं वे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सदस्य हैं।
अदालत ने मामले में सुनवाई 26 अक्टूबर तक के लिए मुल्तवी कर दी है। आतंकवाद विरोधी कानून के तहत पांच सितम्बर, 2010 को हुम्बल अख्तर, मुहम्मद शहीद और मुहम्मद शोएब के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों का फैजल शहजाद से नजदीकी सम्बंध रहा है और वे उससे इंटरनेट के जरिए सम्पर्क में थे। शहजाद के दोस्तों ने उसे 13,500 डॉलर की राशि भी भेजी थी।
पुलिस का कहना है कि मुजफ्फराबाद के आत्मघाती हमले में लिप्त फकीर मुहम्मद, शहजाद के दोस्त मुहम्मद शोएब के घर में रहता था।
अक्टूबर की शुरुआत में एक अमेरिकी अदालत ने शहजाद को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। 31 वर्षीय शहजाद को उनकी एक मई को टाइम्स स्क्वेयर को उड़ाने की कोशिश के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications