आईबीएम का मुनाफा 12 प्रतिशत बढ़ा (लीड-1)
वाशिंगटन, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्राजील, रूस, भारत और चीन (ब्रिक देशों) में बेहतर प्रदर्शन और सॉफ्टवेयर एवं सेवा क्षेत्र की बिक्री बढ़ने से वर्ष 2010 की तीसरी तिमाही में इंटरनेशनल बिजनेस मशीन कार्पोरेशन (आईबीएम) का मुनाफा 12 प्रतिशत बढ़कर 3.6 अरब डॉलर हो गया।
दुनिया की सबसे बड़ी कम्प्यूटर सेवा प्रदाता कम्पनी ने सोमवार को कहा कि तीसरी तिमाही में कम्पनी की कुल आय पिछले साल की तुलना में तीन प्रतिशत बढ़कर 24.3 अरब डॉलर हो गई। ब्रिक देशों में कम्पनी की आय में पिछले साल की तुलना में 29 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
वहीं अमेरिका में कम्पनी की आय में केवल तीन प्रतिशत (10.2 अरब डॉलर) की वृद्धि हुई है। यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका में कम्पनी की आय छह प्रतिशत घटकर 7.4 अरब डॉलर हो गई।
कम्पनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी मार्क लांगरिज ने कहा कि आंकड़ों से पता चलता है कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं में स्थिति सबसे अलग है और विकासशील देश वैश्विक मंदी से तेजी से बाहर आ रहे हैं।
लांगरिज ने कहा कि आईबीएम को चौथी तिमाही में कम्पनी को अपने एक बहुप्रतीक्षित उत्पाद के बाजार में आने से आय में खासी वृद्धि की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि अगली तिमाही में सेवा और हार्डवेयर क्षेत्र की बिक्री मौजूदा स्तर पर ही रह सकती है लेकिन सॉफ्टवेयर क्षेत्र में विकास दर तेज होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications