कट्टरपंथी हुर्रियत के महासचिव आलम गिरफ्तार
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया, "आलम को श्रीनगर पुलिस से मिली विशेष गुप्त सूचना पर शाम के वक्त हरवान थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।"
पुलिस ने बताया कि गिलानी के नेतृत्व वाले कट्टरपंथी संगठन हुर्रियत की एक महत्वपूर्ण इकाई मुस्लिम लीग के प्रमुख आलम संगठन के 'कश्मीर छोड़ो' अभियान का चार माह से संयोजन करते रहे हैं।
अधिकारी ने कहा, "वह पिछले चार महीने से विरोध प्रदर्शन का कैलेंडर जारी करने के लिए जिम्मेदार हैं। इन कैंलेंडरों की वहज से ही घाटी में सामान्य जनजीवन प्रभावित होता रहा है।"
उन्होंने बताया, "इस वर्ष जून में विरोध जुलूस और बंद के ऐलान का कैलेंडर जारी करने के तुरंत बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए भूमिगत हो गए थे।"
अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनों के दौरान आलम पुराने शहर में चले आते थे। वह युवकों को हिंसा के लिए उकसाने वाले भड़काऊ सीडी भी जारी करते थे।
उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी में 11 जून से शुरू हुई हिंसात्मक घटनाओं के दौरान अब तक 110 प्रदर्शनकारी अपनी जान गंवा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications