मुसलमान अपना नेतृत्व खुद तैयार करें : अमर सिंह
अमर सिंह ने सोमवार शाम लखनऊ में 'देश के मौजूदा हालात और मुसलमान' विषय पर आयोजित एक सगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी से लेकर आज तक किसी दल ने मुसलमानों की उन्नति के लिए सकारात्मक प्रयास नहीं किए। उनको (मुसलमानों) हमेशा महज एक वोट बैंक समझा गया। इसलिए आज देश में उनकी स्थिति दयनीय बनी हुई है।
अमर ने जोर दिया, "मुसलमानों को अगर अपनी दयनीय स्थिति में सुधार करना है तो उन्हें किसी दूसरे राजनीतिक दलों के पीछे जाने की बजाय अपना नेतृत्व तैयार करना होगा।"
इस दौरान अमर सिंह समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव पर हमला करने से नहीं चूके। उन्होंने कहा, "हमेशा मुसलमानों के नाम पर राजनीति करने वाले मुलायम सिंह को मैं चुनौती देता हूं कि वह ऐलान करें कि उत्तर प्रदेश में साल 2012 में होने वाले चुनाव के बाद यदि सपा सत्ता में आती है तो वह खुद व अपने बेटे की बजाय किसी मुसलमान को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएंगे।"
अमर सिंह ने कहा, "मुलायम ने बाबरी मस्जिद ढहाने का इल्जाम ढो रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता कल्याण सिंह से गलबहियां की..उनके बेटे राजवीर सिंह को अपनी सरकार में मंत्री बनाया। मैंने सपा में रहते यह सब कुछ चुपचाप देखा..इसके लिए मैं मुसलमानों का गुनहगार और सजा का पात्र हूं।"
मालूम हो कि सपा से निष्कासित किए जाने के बाद अमर सिंह ने लोकमंच का गठन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications