नस्लभेदी टिप्पणी : न्यूजीलैंड टीवी को 1500 शिकायतें मिली
आकलैंड, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के एक टीवी शो के प्रस्तोता द्वारा भारतीय मूल के गवर्नर जनरल सर आनंद सत्यानंद पर शो के दौरान नस्लभेदी टिप्पणी करने तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नाम का मजाक उड़ाने के बाद टेलीविजन न्यूजीलैंड को 1,500 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
टीवीएनजेड ने कहा है कि उसे उसके पूर्व प्रस्तोता पॉल हेनरी के खिलाफ 1,500 शिकायतें मिली हैं।
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' ने सोमवार को खबर दी कि हेनरी द्वारा प्रधानमंत्री जॉन की से यह पूछने के बाद कि क्या सत्यानंद न्यूजीलैंड के हैं, टीवी केंद्र में शिकायतों का अंबार लग गया।
हेनरी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नाम का भी मजाक उड़ाया, जिसके बाद भारत में विरोध शुरू हो गए।
टीवीएनजेड ने सभी शिकायतकर्ताओं को पत्र भेज कर यह स्वीकार किया है कि टिप्पणियां आहत करने वाली थीं। टीवीएनजेड ने कहा कि शिकायतों को इस आधार पर स्वीकार किया जाता है कि इनसे निष्पक्षता और भेदभाव, शिष्टता और शालीनता के मानक टूटे हैं।
पत्र में कहा गया है, "शिकायतों को देखने वाली समिति, प्रसारण मानकों को तोड़े जाने के लिए आप सभी से माफी मांगती है। हम इस बात को समझते हैं कि आप सभी को पॉल हेनरी की टिप्पणियों से गहरी चोट पहुंची है।"
टीवीएनजेड ने हेनरी द्वारा शीला दीक्षित का मजाक उड़ाए जाने की भी निंदा की।
समिति ने माना कि हेनरी द्वारा शीला दीक्षित के नाम का बार-बार गलत तरीके से उच्चारण और उनके बारे में भद्दा मजाक करने की कोशिश, प्रसारण मानकों का उल्लंघन है।
भारत द्वारा न्यूजीलैंड के साथ इस मामले को उठाए जाने के बाद हेनरी ने टीवीएनजेड से इस्तीफा दे दिया था।
टीवीएनजेड के प्रवक्ता मेगन रिचर्ड्स ने कहा कि इन टिप्पणियों से निपटने के लिए कंपनी जो कुछ कर सकती थी, वह सब किया गया। उन्होंने कहा, "यह समझ पाना कठिन है कि जो कुछ किया गया है, उससे अधिक और क्या किया जा सकता था।"
सर आनंद सत्यानंद ने 14 अक्टूबर को टीवी चैनल की माफी स्वीकार कर ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications